झारखंड

झारखंड शराब घोटाले में बड़ी कार्रवाई, ACB ने सात आरोपियों को किया गिरफ्तार

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महेश सीडगे, जगन देसाई, कमल देसाई, शीतल देसाई और बिपिन परमार समेत अन्य शामिल हैं. सूत्रों के अनुसार, ये सभी आरोपी विजन और मार्शल कंपनी से जुड़े हुए अधिकारी हैं. एसीबी ने कार्रवाई करते हुए मुंबई और गुजरात से इनकी गिरफ्तारी की हैं. बता दें कि, विजन और मार्शल वही कंपनियां है, जिनकी फर्जी बैंक गारंटी के खुलासे के बाद यह पूरा मामला सुर्खियों में आया था.

इस घोटाले में एसीबी पहले ही कई बड़े नामों पर शिकंजा कस चुकी हैं. अब तक IAS अधिकारी विनय चौबे, छत्तीसगढ़ के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया, IAS अमित प्रकाश और प्रिज्म होलोग्राफी कंपनी के डायरेक्टर विधु गुप्ता की गिरफ्तारी हो चुकी हैं. हालांकि, समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण ये सभी आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. जानकारी के मुताबिक, एसीबी ने इस मामले में कांड संख्या 9/2025 दर्ज की हैं. पिछले महीने ही एजेंसी ने इन सात आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से वारंट हासिल किया था. अब गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाया जा रहा है, जहां उन्हें एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा.

यह भी पढ़े: झारखंड नगर निकाय चुनाव पर हाईकोर्ट सख्त, राज्य सरकार की सीलबंद रिपोर्ट लौटाई