बरवाडीह में दिखा सौहार्द का माहौल, सभी समुदायों ने मिलकर मनाया प्रकाश पर्व
प्रमोद कुमार/न्यूज़11भारत लातेहार/डेस्क: दीपों का त्योहार प्रकाश पर्व दीपावली बरवाडीह में इस वर्ष आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के माहौल में धूमधाम से मनाया गया. हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित सभी समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर मिलजुलकर पर्व की खुशियां साझा कीं.
बरवाडीह बाजार, मोहल्लों और गलियों में दीपों की झिलमिल रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया. लोगों ने अपने घरों, दुकानों और मंदिरों को आकर्षक रोशनी से सजाया, वहीं कई स्थानों पर युवाओं ने एकता और स्वच्छता का संदेश देते हुए दीप जलाए.
इस दौरान सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी जरूरतमंदों के बीच मिठाइयां और दीप वितरित किए. थाना परिसर, प्रखंड कार्यालय सहित सरकारी भवनों में भी दीप प्रज्वलित कर पर्व की खुशियां मनाई गईं. स्थानीय लोगों ने कहा कि बरवाडीह की यही खूबसूरती हैं. जहां हर त्योहार सभी मिलजुलकर मनाते हैं, जिससे आपसी एकता और सामाजिक सौहार्द का अद्भुत उदाहरण देखने को मिलता है.