DIG हरचरण भुल्लर केस में एक के बाद एक बड़ा खुलासा
मंड शेरियां गांव अपने फार्महाउस में सब-इंस्पेक्टर को केयरटेकर रखा था
फार्महाउस से सटी 55 एकड़ ज़मीन की देखभाल की ज़िम्मेदारी भी सौंपी थी
सीबीआई ने 16 अक्टूबर को हवेली पर छापा मारा तो सब-इंस्पेक्टर गायब
सीबीआई ने 24 अक्टूबर को अहम दस्तावेज़ और डिजिटल रिकॉर्ड ज़ब्त किए
चंडीगढ़/लुधियाना
पंजाब पुलिस के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के मामले में एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। पंजाब पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर के भी डीआईजी से संबंध हैं। भुल्लर ने लुधियाना के मंड शेरियां गांव स्थित अपने फार्महाउस में सब-इंस्पेक्टर को केयरटेकर के तौर पर रखा था। साथ ही उसे फार्महाउस से सटी 55 एकड़ ज़मीन की देखभाल की ज़िम्मेदारी भी सौंपी गई थी। यह भी बताया गया है कि जब सीबीआई ने 16 अक्टूबर को चंडीगढ़ स्थित भुल्लर की हवेली पर छापा मारा, तो सब-इंस्पेक्टर अपने सामान सहित गायब हो गया।
दुबई और कनाडा में संपत्तियों का खुलासा
सीबीआई सूत्रों के अनुसार अब तक भुल्लर के दुबई में दो और कनाडा में तीन फ्लैट मिले हैं। इसके अलावा एजेंसी को लुधियाना में लगभग 55 एकड़ ज़मीन और माछीवाड़ा इलाके में 20 दुकानों की भी जानकारी मिली है। सीबीआई को शक है कि भुल्लर ने अपनी अवैध कमाई को विदेश में निवेश करके ये संपत्तियां खरीदी थीं।
माछीवाड़ा फार्महाउस पर मारा गया छापा
एजेंसी अब यह भी पता लगा रही है कि क्या इन्हें किसी और के नाम पर खरीदा गया था। सीबीआई ने 24 अक्टूबर को लुधियाना के माछीवाड़ा स्थित भुल्लर के फार्महाउस पर छापा मारा और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ और डिजिटल रिकॉर्ड ज़ब्त किए।